गण्डक नदी किनारे बैठवलिया वीट में त्रिवेणी वन की स्थापना, एसएसबी और वन विभाग की सहभागिता
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बुधवार को गण्डक नदी के किनारे स्थित बैठवलिया वीट, निचलौल रेंज में त्रिवेणी वन की स्थापना की गई। इस विशेष अभियान के तहत पीपल, बरगद और नीम जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से अत्यंत लाभकारी वृक्षों का सामूहिक रूप से रोपण किया गया। इस कार्यक्रम में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) पथलावा के जवानों और वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। त्रिवेणी वन का उद्देश्य क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना, जैव विविधता को संजोए रखना और नदी के किनारे मृदा क्षरण को रोकना है। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पीपल, बरगद और नीम जैसे वृक्ष न केवल छाया प्रदान करते हैं, बल्कि इनका धार्मिक, आयुर्वेदिक और पर्यावरणीय महत्व भी है। इन पेड़ों की जड़ें गहराई तक जाकर भूमि को मजबूती देती हैं और वातावरण को शुद्ध बनाती हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत किया और पौधों की सुरक्षा व देखरेख का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण देना है। वन विभाग और एसएसबी के संयुक्त प्रयास से यह अभियान प्रेरणास्पद मिसाल बन गया।
यह भी पढ़ें : विधायक की पत्नी को श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे सीएम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम